Spread the love

इन्दौर। लोकायुक्त टीम ने एक ट्रैप कार्रवाई आयोजित कर पीएम आवास की किश्त दिलाने के लिए आठ हजार की रिश्वत की मांग करने वाले सरपंच पति को गिरफ्तार कर लिया है। इन्दौर लोकायुक्त टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई खरगोन जिले की ग्राम पंचायत भोमवाड़ा में की। सरपंच पति को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सरपंच पति का नाम चिंताराम भोमारे है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार कविता यादव उम्र पैंतीस साल निवासी ग्राम भोगवाड़ा, तहसील सनावद ने लोकायुक्त में शिकायत आवेदन देते बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि की अगली किश्त दिलाने के लिए पंचायत के जिम्मेदार लोग रिश्वत मांग रहे हैं। आवेदन में कहा गया कि उसको कुटीर निर्माण के लिए 1.25 लाख रुपए मंजूर हुए थे, जो चार किश्तों में मिलना था। पहली किश्त 25 हजार रुपए नवंबर 2025 में और दूसरी किश्त 40 हजार रुपए मार्च 2026 में मिल चुकी थी। तीसरी और चौथी किश्त (कुल 65 हजार रुपए) जारी करने के बदले पंचायत सचिव और सरपंच पति द्वारा 8 हजार रुपए की मांग की जा रही है। शिकायत सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई और योजनानुसार आरोपी चिंताराम भोमारे को पंचायत सचिव जितेन्द्र सिंह पंवार की मौजूदगी में आवेदिका से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 और बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *