जिला भाजपा मंत्री गरिमा दामोदर ने विधायक की ग़ैर हाजरी पर जताई हैरानी

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा विधायक श्री कमलनाथ का एक लंबे अरसे से कोई अता पता नहीं है। लापता विधायक को क्षेत्र की जनता तलाश रही है। जनता को भाग्य के भरोसे छोड़कर विधायक के इस तरह नदारद होने पर जिला भाजपा मंत्री श्रीमती गरिमा प्रतीक दामोदर ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि विधायक जैसे जिम्मेदार पद पर होते हुए इस तरह क्षेत्र से गायब रहना हैरानी के साथ साथ चिंता जनक भी है।विधायक के इस तरह लापता होने पर क्षेत्र की जनता एक दूसरे से विधायक का पता पूछ रही है। क्षेत्र को इस तरह छोड़कर गुम होने वाले विधायक की अकर्मण्य कार्यशैली जन चर्चा का विषय बन गई है। श्रीमती दामोदर का कहना है कि वर्ष 2026 में श्री कमलनाथ महज़ एक बार ही अप्रैल माह में अपने क्षेत्र में नजर आए थे। भाजपा नेत्री ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता से अपनत्व की मीठी मीठी बातें करना, सुख दुःख शामिल होने का झूठा वादा करना और संबंधों का हवाला देकर समर्थन हासिल करना और फिर जनता के साथ छल करना श्री कमलनाथ का पुराना रवैया रहा है।
जिला भाजपा मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जनता के प्रति जवाबदेही होती है। जनता के सुख दुख में शामिल होना, क्षेत्र के विकास के लिए सतत कार्य करना ही जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी होती है। जनता इसलिए ही वोट देती है, लेकिन इसके विपरीत श्री कमलनाथ हमेशा से ही जनता के भरोसे के साथ छलावा किया है। चुनाव जीतकर क्षेत्र की जनता के बजाय अपने प्रभाव का इस्तेमाल अपने व्यापार को बढ़ाने में व्यस्त रहते हैं। हमेशा की तरह आज भी वे अपने पुत्रों के साथ अपने व्यापार को बढ़ाने में पूरी तरह व्यस्त हैं। कमलनाथ उम्मीदों के आसमान से जनता पर छल का वज्रपात करते रहे हैं।
भाजपा नेत्री श्रीमती दामोदर ने कहा कि एक तरफ तो कमलनाथ का क्षेत्र के विकास के लिए उदासीन रवैया और जनता के हितों के प्रति संवेदनहीन व्यवहार है, वहीं दूसरी तरफ लोकप्रिय सांसद श्री बंटी विवेक साहू चुनाव जीतने के बाद एक दिन भी घर नहीं बैठे, वे दिनरात जनसेवा के कार्य करते हुए छिंदवाड़ा पांढुरना के विकास को नई गति देने में लगे हुए हैं। सांसद श्री बंटी विवेक साहू ना सिर्फ़ चुनाव जीते हैं, बल्कि उन्होंने जनता के भरोसे और दिल को भी जीत लिया है। श्रीमती गरिमा प्रतीक दामोदर ने छिंदवाड़ा की जनता की तरफ से मीडिया के जरिए श्री कमलनाथ से अपील की है कि वे जहां कहीं भी हों, छिंदवाड़ा आएं और यहां की जनता के भरोसे का ध्यान रखकर एक जनप्रतिनिधि होने का कर्तव्य निभाएं।
