
शराब दुकान हटाने के आंदोलन के बीच सामने आई घटना, वीडियो वायरल
बालाघाट। शहर में शराब के खिलाफ चल रहे महिलाओं के आंदोलन के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब से परेशान एक महिला ने अपने ही पति को खंभे से बांध दिया और गाली-गलौच करने पर उसके मुंह पर टेप लगा दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बालाघाट शहर के वार्ड नंबर 13 बूढ़ी में संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर 12 मार्च से महिलाएं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं द्वारा इस दौरान अलग-अलग तरीकों से विरोध जताया जा रहा है, जिसमें शराब लेने आने वालों को फूल भेंट करना और अर्थी जुलूस निकालना भी शामिल है। इस आंदोलन को जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिल चुका है, बावजूद इसके शराब दुकान अब तक नहीं हटाई गई है।
इसी आंदोलन के दौरान एक महिला अपने शराबी पति की हरकतों से परेशान हो गई। बताया गया है कि महिला का पति लगातार शराब पीकर घर और आंदोलन स्थल पर हंगामा करता था। 29 जून की देर शाम वह फिर शराब पीकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया और महिलाओं को उकसाने लगा। इस दौरान उसने अपनी पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
पति की हरकतों से तंग आकर महिला ने उसे मौके पर ही खंभे से बांध दिया। इतना ही नहीं, जब वह गाली-गलौच करने लगा तो महिला ने उसके मुंह पर टेप भी चिपका दिया, ताकि वह और हंगामा न कर सके।
महिला का कहना है कि शराब ने उसके परिवार की खुशियां छीन ली हैं और जब वह खुद शराबबंदी के लिए संघर्ष कर रही है, तब उसका पति नशे में आकर आंदोलन को कमजोर करने का काम कर रहा है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
