



दमोह ! भारत विकास परिषद की ओर से आज राष्ट्रीय सामूहिक गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला प्रचारक भैयन जी भाईसाब द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया, कार्यक्रम को जिला समन्वयक राजीव बिरथरे एवं सचिव विक्रम सिंह राजपूत ने संबोधित किया इस उपरांत राष्ट्रीय सामूहिक गान प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने समूहों के साथ मिलकर देशभक्ति से ओत-प्रोत गान प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने गायन कौशल और समन्वय से सभी का दिल जीत लिया। निर्णायक मंडल ने गीतों की प्रस्तुति, तालमेल और स्वर की गुणवत्ता के आधार पर विजेताओं का चयन किया। निर्णायक मंडल में वरिष्ट संगीतकार श्री शुक्लाजी, श्री प्रदीप अग्रवाल एवं श्री रवि वर्मन रहे |
प्रथम पुरस्कार गुरुकुल विद्यालय हटा ने हासिल किया, द्वितीय पुरस्कार श्री गुरुनानक स्कूल दमोह को मिला, और तृतीय पुरस्कार डीपीएस स्कूल दमोह ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर भारत विकास परिषद के सदस्यों ने सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया और ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति और सामाजिक समर्पण की भावना को जागृत करने पर जोर दिया। मंच संचालन भूपेंद्र जैन के द्वारा किया गया | कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन भारत विकास परिषद के अध्यक्ष दीपक सिंघानिया के द्वारा किया गया |
