
दीपक राज जैन बताया भारतीय संस्कृति सहित जैन दर्शन का महत्व
छिंदवाड़ा – भारतीय संस्कृति सहित जैन दर्शन को जानने एवं समझने के मुख्य उद्देश्य को लेकर अमेरिका से डेविस मॉस का भारत आगमन हुआ और वे शनिवार 19 अक्टूबर को छिंदवाड़ा आए जिनका सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के मीडिया प्रभारी समाज सेवी दीपक राज जैन ने आत्मीय अभिनंदन किया।
श्री जैन ने उन्हें अहिंसा स्थली गोल गंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर के दर्शन कराए ओर जैन दर्शन का महत्व बताया।
इस दौरान दीपक राज जैन ने श्री मॉस को जैन दर्शन का प्राण तीर्थंकर महावीर की सर्वोदय अहिंसा, महामंत्र श्री नमोकार का महत्व, वीतरागी देव – निर्ग्रन्थ दिगंबर महामुनिराज एवं जिनवाणी माता का सच्चा स्वरूप, 24 तीर्थंकर भगवंतों सहित पंचकल्याणक महोत्सव की महिमा, जैन दर्शन में जिनालय एवं चैत्यालय जाकर दर्शन करने की विधि, अष्ट मंगल द्रव्य का स्वरूप, पांच पाप हिंसा, झूठ, चौरी, कुशील एवं परिग्रह का स्वरूप समझाया। दीपावली महापर्व एवं तीर्थंकर महावीर निर्वाण महोत्सव क्यों मनाया जाता है साथ ही इसमें हिंसक पटाखों का क्या काम आदि जानकारी देकर जीव रक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु सर्वोदय अहिंसा की अपील की।
दीपावली महापर्व की महिमा बताते हुए श्री जैन ने कहा की भारत में शुभ दीपावली मनाने के दो ही कारण हैं प्रथम तो मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीरामचंद्रजी की चौदह वर्ष के बाद अयोध्या वापसी एवं जैनदर्शन के 24 वें तीर्थंकर अहिंसा के प्रणेता भगवान महावीर को निर्वाण अर्थात मोक्ष की प्राप्ति आदि बहुत ही सार गर्भित जानकारी देकर सर्वोदय अहिंसा के माध्यम से विश्व शांति की मंगल कामना की।
इस अवसर पर हैदराबाद से सुश्री जाह्नवी गुप्ते, आईएआरएफ के वाइस प्रेसिडेंट आयुष सोनी, सीनियर मेंबर मनीष डेनियल एवं समाज सेवी विश्वेश चंदेल भी उपस्थित रहे।
अमेरिका से छिंदवाड़ा आए डेविस मॉस को जैन दर्शन की विशेष जानकारी पाकर बहुत प्रसन्नता हुई जिसके लिए उन्होंने समाज सेवी दीपक राज जैन का आभार व्यक्त किया और जय जिनेन्द्र बोल कर उनका एवं धर्म नगरी छिंदवाड़ा का धन्यवाद ज्ञापित किया।
