मैजिक बॉक्स से परखी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता
11.2 किलो दूषित बेसन लड्डू एवं बूंदी का किया गया विनष्टीकरण

पथरिया । कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत एस.डी.एम. पथरिया निकेत चौरसिया एवं डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन राकेश अहिरवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने आगामी दीपावली त्यौहार के अवसर पर निरीक्षण कार्यवाही में पथरिया नगर में अंबेडकर चौक स्थित गोपाल स्वीट्स से मिल्क केक, खोवा बर्फी एवं दूध पेड़ा, चौरसिया स्वीट्स से पनीर, मोतीचूर लड्डू एवं खोवा पेड़ा एवं बीकानेर मिष्ठान भंडार से बेसन लड्डू, मावा पिस्ता बर्फी, मिक्सचर नमकीन एवं कुकीज के नमूनें जांच हेतु लिए, इन खाद्य पदार्थों के नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
मौके पर मैजिक बॉक्स की सहायता से खाद्य पदार्थों की ऑन द स्पॉट जांच की गई। स्टेशन रोड स्थित विनोद नेमा एवं हेमंत नेमा मिष्ठान भंडार के निरीक्षण के दौरान परिसर में 11.2 किलो दूषित मगज लड्डू एवं बूंदी संग्रहित पाए जाने पर मौके पर विनष्टीकरण करवाया गया।
