कलेक्टर श्री कोचर ने तेंदूखेड़ा और जबेरा में मिट्टी परीक्षण केन्द्रों का लिया जायजा


दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर में जिले के तेंदूखेड़ा और जबेरा ब्लॉक पहुंचकर मिट्टी परीक्षण केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी परीक्षण केंद्रों को व्यवस्थित करने के निर्देश कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा जिले में जितने भी मिट्टी परीक्षण केन्द्र हैं उनका एक बार निरीक्षण कर लिया जाये, यह जो मिट्टी परीक्षण केन्द्र है, किसानों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं। सरकार ने निर्णय लिया हैं कि यह सभी केन्द्र युवाओं को हैंडओवर किए जाये, इसके लिए विज्ञापन जारी करके युवाओं से आवेदन भी मंगाये गये थे, उद्यमी युवा अब इन केंद्रों को चलाएंगे। आवेदनों की स्कूटनी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।उन्होंने कहा जो सामग्री युवाओं को दे रहे है यह सब गुणवत्तापूर्ण है या नहीं, जब उनको हैंडओवर करेंगे तो चीजें यहाँ व्यवस्थित है कि नहीं, यह चेक करना बहुत ज़रूरी था।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा निरीक्षण के दौरान कई सारी चीजें समझ में आई की भवन में बहुत लंबे समय से कोई काम नहीं हुआ है और कोई संचालन नहीं हुआ है। उन्होंने कहा जिले में 06 भवन ऐसे है, जिनका संचालन नहीं हो रहा हैं, 2019 के बाद से इनमें काम बंद है। कलेक्टर श्री कोचर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर देखना पड़ेगा, क्या-क्या कमियां हैं, उनको देखना पड़ेगा, दूसरी तरफ टेक्निकल चीज़ें देखना पड़ेंगी, मिट्टी परीक्षण के हिसाब से प्रयोगशाला में जो-जो उपकरण दिए गए हैं वे सब चालू हालत में है कि नहीं, जो दवाइयां है या जो-जो सामग्री है, तरल पदार्थ है उनकी एक्सपाइरी डेट तो नहीं हो गयी है। उन्होंने कहा इस कार्य के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम बनाई जाएगी और यह टीम इसका पूरा इंस्पेक्शन करेंगी और पूरी रिपोर्ट देंगी। साथ ही जो-जो कमियां होंगी उसकी पूर्ति की जाएगी, ताकि युवाओं को संचालन के लिए केन्द्र सौपे जा सके। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा युवाओं को व्यवस्थित रूप से मिट्टी परीक्षण केंद्र सौंपा जाएगा, ताकि वे काम को ठीक तरह से संचालित कर सकें। अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने अभाना में प्रगतिशील किसान आकाश सेठ के खेत में डीएसआर पद्धति से बोई गई धान की फसल का निरीक्षण किया।
