मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शर्मा ने किया आदेश जारी


दमोह : मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद दमोह प्रदीप कुमार शर्मा ने नगर पालिका के समस्त शाखा प्रमुखो से कहा है कि अपनी शाखाओ के समस्त कर्मचारी जिनका जो मूल पद है, उसी पद पर कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराये एवं आदर्श कार्मिक संरचना के अनुरूप जहाँ कर्मचारी उपलब्ध नहीं है, वही आउटसोर्स के कर्मचारी रखे जाएं। विशेष परिस्थिति का स्पष्ट उल्लेख करते हुये ही डिमांड रखी जाए। जारी आदेश में कहा गया है कि स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग आदर्श कार्मिक संरचना में प्रति 500 की जनसंख्या पर 1 स्वच्छता संरक्षक या लगभग 100 हाउस होल्ड पर एक स्वच्छता संरक्षक का पद स्वीकृत है, उसी आधार पर मूल पद, दैनिक वेतन भोगी एवं संविदा पर नियुक्त सभी स्वच्छता संरक्षकों को प्रति 500 व्यक्ति या लगभग 100 घरो के आसपास की सफाई की जिम्मेदारी सौंपे इसके पश्चात ही मांग की जाए।
उन्होंने कहा स्वच्छता पर्यवेक्षक, उपनिरीक्षक एवं निरीक्षकों के पद रिक्त होने के कारण पर्यवेक्षक के रिक्त पदों पर प्रत्येक सहायक राजस्व निरीक्षक जो 1600 हाउस होल्ड के लिये 1 नियुक्त होते है, स्वच्छता पर्यवेक्षक के रूप में फील्ड में वसूली के साथ-साथ लगभग 3 से 4 सफाई संरक्षकों का पर्यवेक्षण एवं अपने हाउस होल्ड वाले क्षेत्र में सफाई व्यवस्था एवं स्वच्छता से संबंधित सी.एम. हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के लिये जिम्मेदार होंगे। इसी प्रकार समस्त अन्य शाखा प्रभारी अपने मूल पदों पर कार्यरत कर्मियों की सूची बनाये इसके पश्चात उपलब्ध संविदा एवं दैनिक वेतन भोगियों को नियुक्त किया जाए। इसके पश्चात ही आउटसोर्स से डिमांड भेजे अन्यथा की स्थिति में आउटसोर्स कर्मचारी से लिये गए काम के वेतन की देयता की जिम्मेदारी संबंधित की स्वयं होगी। उन्होंने कहा अचानक अव्यवस्था उत्पन्न न हो इसलिए किसी कर्मचारी की अत्यंत आवश्यकता शाखा प्रमुख को हो तो कारण स्पष्ट करते हुये मुख्य नगर पालिका अधिकारी की स्वीकृति उपरांत आदेश जारी किए जायें।
