Spread the love

बाजारों में घुसे चौपाया वाहनों ने लगवाया जाम
जबलपुर। दीपावली पर बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। त्यौहार मनाना है इसलिये लोग आवश्यक खरीददारी के लिये घरों से निकल रहे हैं। बाजार तो सज गये हैं लेकिन खरीददार सीमित हैं। लोग घूम घूम कर बाजार भाव ले रहे हैं लेकिन भाव सब जगह एक सा है। मजबूरी में खरीददारी हो रही है। भीड़ का आलम यह है कि शहर के सभी प्रमुख बाजारों की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम की नौबत बन पड़ी है। पुलिस ने तमाम व्यवस्थाएं की लेकिन भीड़ सैलाब के आगे व्यवस्थाएं बौनी पड़ गई। सकरे मार्गों में चौपाया वाहनों के घुसने और पार्क होने पर खासकर करमचंद चौक, गढ़ाफाटक, गंजीपुरा, गोलबाजार, बगलामुखी मंदिर के पास, चरहाई, छोटा फुहारा, मिलौनीगंज, सराफा कोतवाली में जाम के हालत बने। कमोबेश यही स्थिति उपनगरीय क्षेत्र गोरखपुर, अधारताल, रांझी, खमरिया, गढ़ा, में रही। बजारों के सामने जाम लगा हुआ है बुधवार को संध्या समय से बल्देवबाग, उखरी रोड, अधारताल, घमापुर चौक, तुलाराम, गंजीपुरा, लार्डगंज, बड़ा फुहारा सराफा, सब्जी मंडी, बस स्टेंड, अंधेरदेव, करमचंद चौक, आगा चौक, चेरीताल आदि ऐसे इलाके हैं जहां ट्रेफिक जाम की नौबत से लोगों को भारी परेशानी झेलना पड़ी। पुलिस व्यवस्था पर्याप्त न होने से जाम को क्लियर होने में काफी वक्त लगता रहा। इन मार्गों पर जाम की यह नौबत हर थोड़ी देर के बाद निर्मित होती रही। आवागमन को सुगम बनाये रखने में पुलिस पूरी तरह से असफल साबित हुई। दो स्थानों पर तो पुलिस कर्मी सिर्फ चालान करते रहे, उनकी नजरों के सामने जाम लगा रहा लेकिन उन्हें इससे जैसे कोई सरोकार नहीं रहा। आज बाजारों में भीड़ और बढ़ना है। यही हालत हुये तो लोगों का बाजारों में प्रवेश पर लेना दूभर हो जायेगा। पुलिस को चुस्त दुरुस्त व्यवस्था रखने की दरकार है।
ट्रैफिक प्लान सहीं नहीं…………..
लोगों की राय में पुलिस का ट्रैफिक प्लान सहीं नहीं है। दरअसल रानीताल चौक से ही तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को बल्देवबाग की तरफ डायवर्ट करना चाहिए, लेकिन रानीताल से शंकर घी भंडार तक तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को जाने दिया जा रहा है लेकिन आगे जाने का रास्ता नहीं। शंकर घी भंडार से आगाचौक मार्ग बीच में बेहद सकरा है और उसमें भी सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकानें लगी है। इस मार्ग पर आटो, कार फंसने से यातायात जाम में फंस जाता है। कमोबेश यही स्थिति सिविक सेंटर की है समदड़िया मॉल के दोनों और बंगलामुखी मार्ग के दोनों और दुकानें लगी है और इस तरफ प्रियदर्शनी मार्केट और मॉल के वाहनों की पार्किंग
सड़क पर हो रही हैं लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हैं। अंजुमन स्कूल से ओमती चौक तक कमोबेश यही स्थिति हैं। इन मार्गों पर तीन पहियों और चार पहियों का प्रवेश पूर्णत: रोक दिया जाना चाहिए, सिर्फ टू-व्हीलर को आने जाने की अनुमति देनी चाहिए।
आटो, ई-रिक्शा की धमाचौकड़ी………..
आटो, ई-रिक्शा वालें बेधड़क बाजारों में घुस रहे है। मचरहाई, नॉमर्लस्कूल की तंग गली में ई-रिक्शा धमाचौकड़ी मचाए हुए हैं। लार्डगंज मुहाने पर गंजीपुरा चौराहे में ई-रिक्शा ने अघोषित स्टेण्ड बना लिया है जिससे इस मार्ग पर जाम के हालात बन गए है। ई-रिक्शा वालों पर पुलिस कोई लगाम नहीं कस पा रही हैं। जिससे पैदल चलने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *