Spread the love

पांच करोड़ रुपए बांटने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन
मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में मतदान से एक दिन पहले पैसे बांटने को लेकर हंगामा हो गया है। यहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पर मतदाताओं को पांच करोड़ रुपए बांटने का आरोप लगा है। आरोपों का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने तावड़े पर एफआईआर दर्ज करवाई है। उनके अलावा बीजेपी उम्मीदवार राजन नाइक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। हालांकि, तावड़े ने पैसे बांटने के आरोपों को गलत बताया है। मामले के अनुसार हितेंद्र ठाकुर की बहुजन विकास अघाड़ी (बीवीए) ने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने वोटर्स को पैसे बांटें। बीवीए ने कहा- तावड़े मंगलवार को पांच करोड़ रुपए लेकर विरार इलाके की एक होटल पहुंचे। उनके साथ नालासोपारा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजन नाइक और दूसरे कार्यकर्ता भी थे। यहां उनकी मीटिंग चल रही थी। बीवीए के मुताबिक होटल में मतदाताओं को पैसे बांटे गए। जानकारी मिलने पर हितेंद्र ठाकुर और उनके बेटे क्षितिज ठाकुर भी होटल पहुंचे। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हुआ। क्षितिज ठाकुर नालासोपारा से पार्टी उम्मीदवार भी हैं। होटल के जो वीडियो सामने आए हैं, उसमें बीवीए कार्यकर्ता नोट लिए दिखाई दे रहे हैं। ​​​​​​एक युवक के हाथ में एक डायरी है। आरोप है कि इसी डायरी में पैसों का लेखा-जोखा है। इस मामले में चुनाव आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत विनोद तावड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
चुनाव आयोग को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए
तावड़े बोले- मैं कार्यकर्ताओं की मीटिंग में गया था। खुद पर लगे पैसे बांटने के आरोप पर विनोद तावड़ ने कहा- नालासोपोरा विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। चुनाव के दिन की आचार संहिता की 12 बातें बताने के लिए मैं वहां पहुंचा था। हमारी सामने वाली पार्टियों को लगा कि मैं वहां पैसे बांटने पहुंचा हूं। इन आरोप की चुनाव आयोग और पुलिस जांच करें। मैं 40 साल से पार्टी में हूं। सभी मुझे जानते हैं। मैं भी चाहता हूं कि चुनाव आयोग को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
आखिर सरकार का भ्रष्टाचार उजागर
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा- आखिर सरकार का भ्रष्टाचार उजागर हो गया। विरार के एक होटल में पैसे बांटते रंगे हाथ पकड़े गए बीजेपी के केंद्रीय महासचिव विनोद तावड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चुनाव आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन के लिए विनोद तावड़े के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। हम मांग करते हैं कि लोकतंत्र में लोगों का विश्वास बनाए रखने और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *