चुनाव में भाजपा द्वारा संवैधानिक व्यवस्था का खुला उल्लंघन, वोट के लिए धन एवं शराब का वितरण

बिटकॉइन मामले पर वायरल क्लिप में आवाज मेरी नहीं
मुंबई। बुधवार को हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान जनता का भारी उत्साह देखने को मिला है। मुझे पूरा विश्वास है कि महाराष्ट्र की स्वाभिमानी जनता राज्य के हित को ध्यान में रख कर नई सरकार चुनेगी। यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की रिस्पांस को देखते हुए साफ़ है कि आघाडी के अंदर कांग्रेस पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरेगी और राज्य में महाविकास अघाड़ी सरकार का आना पूरी तरह से तय है। नाना पटोले ने भंडारा जिले के साकोली विधानसभा क्षेत्र में अपने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान के अधिकार का प्रयोग किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में संवैधानिक व्यवस्था का उल्लंघन किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े विरार के एक होटल में पैसे बांटते पकड़े गए। बड़ा सवाल यह है कि जब तावड़े का वह निर्वाचन क्षेत्र नहीं था तो वह वहां क्या कर रहे थे? तावड़े का यह बचाव कि वह कार्यकर्ताओं से मिलने गये थे, गलत है। नियम है कि प्रचार खत्म होने के बाद चुनाव क्षेत्र से बाहर के नेता नहीं रह सकते, इसलिए विनोद तावड़े जो कह रहे हैं वह पूरी तरह से झूठ है। पटोले ने आगे कहा कि आर्वी विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार वानखेड़े उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निजी सहायक हैं। वानखेड़े के गोदाम में शराब की बोतलों का जखीरा मिला है।. शराब पर प्रतिबंध के बावजूद वर्धा जिले में शराब का इतना स्टॉक कैसे आया? पटोले ने कहा कि बीजेपी, मतदाताओं को पैसे और शराब बांटकर उनका वोट पाने कोशिश की है, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं होगी।
पटोले ने कहा कि भाजपा प्रचार कर रही है कि लोकसभा में वोट जिहाद हुआ है। अगर कोई जाति समूह किसी पार्टी को वोट देने की अपील करता है तो बीजेपी उसे वोट जिहाद कहती है। मतदाता का अधिकार यह है कि वह किसे वोट दे। अब जबकि एक समुदाय ने भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील की है तो क्या उसे भी जिहाद कहा जाना चाहिए? ऐसा सवाल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भी पूछा है।
वो आवाज मेरी नहीं, बीजेपी की साजिश …
बिटकॉइन मामले में बीजेपी की ओर से लगाए जा रहे झूठे आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए नाना पटोले ने कहा कि बीजेपी ने मतदान के दिन मीडिया से हाथ मिलाकर मुझ पर झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस पार्टी और मुझे बदनाम करने का कृत्य किया है। बिटकॉइन मामले में. लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते मीडिया को इस मामले की उचित रिपोर्टिंग करनी चाहिए। पटोले ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा के इशारे पर कुछ लोगों द्वारा हमें शरारती तरीके से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। इसे तुरंत रोकना चाहिए अन्यथा हमारे पास झूठी खबर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
