

महाराष्ट्र के 288, झारखंड के 81 विधानसभा सीटों के साथ ही 15 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर आज मतगणना
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के 288, झारखंड के 81 विधानसभा सीटों के साथ ही 15 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए शनिवार को मतगणना होगी। सभी की नजर महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम पर है। इन दोनों राज्यों में कौंन किंगमेकर बनेगा और किसका राजतिलक होगा इसकी तस्वीर शनिवार को साफ हो जाएगी। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे से ठीक पहले मुख्यमंत्री बनने की लड़ाई तेज हो गई है। सत्तारूढ़ महायुति से लेकर महाविकास अघाड़ी तक में सीएम फेस को लेकर कई दावेदारों के नाम उभरकर सामने आ रहे हैं। ऐसे में खासतौर पर विपक्षी खेमे एमवीए को सतर्क देखा जा रहा है। शुक्रवार को एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) चीफ उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवारों के साथ ऑनलाइन मीटिंग की है और उन्हें सेफ्टी मंत्र दिया है।
महाराष्ट्र में जहां एक चरण में सभी 288 सीटों पर जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया तो वहीं झारखंड में दो चरणों में वोटिंग हुई। यहां पर पहले चरण के लिए मतदान 13 नवंबर को हुआ था। दूसरे चरण के लिए वोटिंग महाराष्ट्र के साथ 20 नवंबर को हुई। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई केन्द्रीय मंत्रियों, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी आदि ने अपने अपने उम्मीदवारों के वास्ते वोट जुटाने के लिए राज्य का दौरा किया। महायुति में भाजपा, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल है। सत्तारूढ़ गठबंधन महिलाओं के लिए माझी लाडकी बहिन जैसी अपनी लोकप्रिय योजनाओं के जरिए सत्ता बरकरार रखने की उम्मीद कर रहा है।
महायुति और एमवीएम के बीच मुकाबला
महाराष्ट्र में जहां महायुति सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है जबकि विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) मजबूत वापसी की उम्मीद कर रहा है। महायुति में भाजपा 149 सीट पर, शिवसेना 81 सीट पर चुनाव लड़ रही है और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार खड़े किए हैं। महा विकास आघाडी में कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सहित छोटी पार्टियां भी चुनाव लड़ रही हैं, बसपा ने 237 और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार उतारे हैं।
झारखंड में कायम रहेगी परंपरा या सोरेन रचेंगे इतिहास
झारखंड में सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच कड़ी टक्कर है। जेएमएम के नेतृत्व वाला गठबंधन अपनी कल्याणकारी योजनाओं के दम पर सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रहा है, जबकि भाजपा ने हिंदुत्व, बांग्लादेश से घुसपैठ और मौजूदा सरकार के भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाकर चुनावी मैदान में ताल ठोंकी है। राज्य में विधानसभा की 81 सीटें हैं। यहां पर पहले चरण के लिए 13 नवंबर और 20 नवंबर को दूसरे चरण की वोटिंग हुई। सोरेन अगर सत्ता में वापसी करते हैं तो वह इतिहास रच देंगे। वहीं अगर उनकी हार होती है तो झारखंड में वो परंपरा कायम रहेगी जो 24 साल से चल रही है।
उपचुनाव में किस करवट बैठेगा नतीजा
15 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर भी शनिवार को मतगणना होगी। 13 नवंबर को 10 राज्यों की 32 विधानसभा सीटों और 1 लोकसभा की सीट पर मतदान कराया गया। इनमें वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रियंका गांधी पहली बार किस्मत आजमा रही हैं। वायनाड में प्रियंका का मुकाबला भाजपा की नव्या हरिदास से है। पहले चरण में जिन सीटों पर उपचुनाव कराये गये उनमें राजस्थान की 7, बिहार की 4, मध्य प्रदेश की 2, छत्तीसगढ़ की 1, पश्चिम बंगाल की 6, असम की 5, कर्नाटक की 3 और गुजरात की 2 सीटें शामिल हैं। वहीं महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ ही दोनों ही 20 नवंबर को 5 राज्यों की 15 विधानसभा सीटों और 1 लोकसभा सीट पर मतदान हुए। जिन 5 राज्यों में उपचुनाव हुए उनमें यूपी की गाजियाबाद, खैर, मीरापुर, कुंदरकी, फूलपुर, करहल, सीसामऊ, मझवां और कटेहरी 9 विधानसभा सीटें हैं। इन सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। इन सीटों पर वोटिंग से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जमकर जुबानी जंग देखने को मिली। यूपी के अलावा पंजाब में 4, केरल में 1 और उत्तराखंड में भी 1 विधानसभा सीट पर मतदान किया गया। 20 नवंबर को महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ। कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। अब यहां से उन्हीं के बेटे रवींद्र चव्हाण मैदान में हैं और उनका मुकाबला भाजपा के डॉ.संतुक हंबार्डे से है। शनिवार को पता चलेगा किसके खाते में यह सीट गई।
