Spread the love

नई दिल्ली। देश की कई वंदे भारत ट्रेनों को यात्री नहीं मिल रहे हैं। अधिकांश लोगों में इसके टिकट खरीदने की क्षमता नहीं है। यही वजह है कि नागपुर-सिकंदराबाद वंदे भारत एक्सप्रेस को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं। सितंबर 2024 में शुरू हुई इस ट्रेन को औसतन 25 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ चलाना रेलवे के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। रेलवे अब इस ट्रेन को 8 कोच वाली रेक से बदलने और इसकी समय सारणी में बदलाव करने पर विचार कर रहा है।
नागपुर-सिकंदराबाद वंदे भारत 20 कोच के साथ चलती है और इसमें 1,440 यात्रियों की बैठने की क्षमता है। हालांकि, यह ट्रेन अक्सर खाली रहती है। दिवाली की छुट्टियों को छोड़कर, इसे कभी भी फुल ऑक्यूपेंसी नहीं मिली। ट्रेन नागपुर से सुबह 5 बजे रवाना होती है और 7 घंटे 15 मिनट में सिकंदराबाद पहुंचती है। वापसी में यह दोपहर 1 बजे छूटकर रात 8:20 बजे नागपुर पहुंचती है। सेंट्रल रेलवे के नागपुर डिवीजन ने ट्रेन की ऑक्यूपेंसी बढ़ाने के लिए कई सुझाव दिए हैं। इनमें ट्रेन का प्रस्थान समय सुबह 7 बजे करने और मौजूदा 20 कोच वाली ट्रेन को 8 कोच वाली ट्रेन से बदलने का प्रस्ताव शामिल है। नागपुर डिवीजन ने इसे मुंबई हेडक्वार्टर और रेलवे बोर्ड को भेजा है। सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने कहा, मौजूदा रेक को 8 कोच वाले रेक से बदलने का प्रस्ताव है। इसे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जा सकता है। यह ट्रेन की लागत और उपयोगिता दोनों में सुधार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *