Spread the love

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में सियार और भेडि़यों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। लाख प्रयास के बाद भी आए दिन घटनाएं हो रही हैं। बीते 4 दिन में दो अलग-अलग जगहों पर सियार पांच बच्चों पर हमला कर लहूलुहान कर चुका है। इन बच्चों को बचाने गए परिजनों पर भी सियार ने हमला कर दिया। साथ ही राह चलते बुजुर्गों को भी काट लिया। इस तरह अब तक सियार के हमले से एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। सियार, भेड़िया के ही वंशज माने जाते हैं। इन्हें गीदड़ भी कहा जाता है। फिलहाल हमले के बाद से पूरे जिले में भेड़िए के हमले की भी अफवाह खूब उड़ रही है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डीएफओ मनीष सिंह ने बताया की सियार के हमले लगातार हो रहे हैं। सियार भी भेड़िया की प्रजाति में आते हैं। अभी तक जितने लोग भी घायल हुए हैं। वह ज्यादा गंभीर घायल नहीं हैं। हम मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सियार आक्रामक इसलिए हुए हैं, क्योंकि बारिश हो रही है। मनीष सिंह के मुताबिक सियार के मांद में पानी भर गया है। जिससे ये बाहर आकर टहल रहे हैं। वहीं इस समय सियार का मीटिंग पीरियड भी होता है। ऐसे में मीटिंग पीरियड के समय यह आक्रामक हो जाते हैं। फिलहाल हम इन पर नजर रखे हुए हैं। सियार और भेड़िया नदी व नहरों के किनारे रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सुस्वार में शनिवार की सुबह नहर पर टहलने गए मासूम बच्चों पर सियार ने हमला बोल दिया। इस पर बच्चों को बचाने गये ग्रामीणों पर भी सियार ने हमला कर दिया। इस घटना में 3 बच्चों सहित 7 लोग घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *