Spread the love

बेस्ट बस के इतिहास में सबसे बड़ा हादसा
मुंबई। सोमवार रात बेस्ट बस के इतिहास में एक सबसे बड़ा हादसा हुआ जब बेस्ट की एक बस ने मुंबई के कुर्ला इलाके में एलबीएस रोड पर बाजार में भीड़ को रौंद दिया। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है। जबकि 31 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को भाभा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आपको बता दें कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ तेज रफ़्तार बेस्ट बस कुर्ला इलाके के एक बाजार में अचानक घुस गई। बाजार में तेजी से बस को आते देख लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस दरम्यान बस ने कुछ लोगों को रौंद दिया। उधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। मालूम हो कि कुर्ला इलाके में एलबीएस रोड पर काफी घना इलाका है। यहां एक बाजार भी है। बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस संख्या ए-332 रात 9.35 बजे कुर्ला पश्चिम से आगरकर चौक, अंधेरी की ओर रवाना हुई। बस जैसे ही बस अड्डे से निकली, 50 मीटर की दूरी के बाद ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया। फिर बस अचानक बाजार में घुसकर कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं इस लोमहर्षक हादसे में 31 लोग घायल हो गए। वहीं तेज रफ्तार बस और पुलिस वैन की टक्कर में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, बेस्ट बस का ड्राइवर नशे में धुत था। उधर इस घटना से कुर्ला इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को भाभा अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बस के ड्राइवर संजय मोरे को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान ड्राइवर मोरे ने पुलिस को बताया कि बस का ब्रेक फेल हो गया था और स्पीड अपने आप बढ़ती जा रही थी। एक्सपर्ट से बस के मेंटेनेंस की रिपोर्ट ली जाएगी। पुलिस ने बताया कि आरोपी संजय मोरे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जिस बस का एक्सीडेंट हुआ उसमें करीब 60 यात्री सवार थे।

करीब 40 गाड़ियों को बस ने मारी टक्कर
बेस्ट की जिस बस से ये भयानक हादसा हुआ, वो इलेक्ट्रिक बस थी। 100 मीटर के दायरे में बस ने करीब 40 गाड़ियों को टक्कर मारी है। गनीमत ये रही कि एक आवासीय बिल्डिंग के आरसीसी कॉलम को ठोकर मारने के बाद तांडव मचा रही बस रुक गई, हालांकि इस दौरान बिल्डिंग की बाउंड्री वॉल भी गिर गई। बताया जा रहा है कि बस की टक्कर के बाद कुछ लोग घायल होकर सड़क पर गिर गए। वहीं कुछ अपनी-अपनी गाड़ियों में घायल होकर पड़े रहे।

मृतकों के नाम ….
अनम शेख (२०), आफ्रीन अब्दुल सलीम शहा (१९), विजय विष्णू गायकवाड, फातिमा गुलाम कादरी (५५) तथा शिवम कश्यप (१८)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *