
भोपाल। अशोका गार्डन पुलिस ने छिंदवाड़ा की रहने वाली युवती की शिकायत पर उसके परिचित युवक के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया। पीड़ीता यहॉ निजी नौकरी करते हुए किराये से रहती है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया की वह मूल रुप से छिंदवाड़ा जिले की रहने वाली है। फिलहाल अशोका गार्डन क्षेत्र में किराए से रहते हुए प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। जिस मोहल्ले में वह रहती है, वहीं पर रहने वाले अभिषेक मीना नाम के युवक से करीब दो साल पहले उसकी दोस्ती हुई थी। जल्द ही उनकी दोस्ती प्रेम-प्रसंग में बदल गई। इसके बाद अभिषेक ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबध बनाने शुरु कर दिये। बीते दिनों युवती ने उस पर शादी करने का दबाव डाला तब बहाने बाजी करते हुए टालने लगा। लेकिन जब पीड़िता ने लगातार दबाव डालना शुरु किया तब अभिषेक ने उसके साथ शादी करने से मना करते हुए संबध खत्म कर दिये। परेशान पीड़िता के थाने पहुंचने पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला कायम कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये है।
