Spread the love

इन्दौर। दिन दहाड़े हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड में आपसी रंजिश के चलते पड़ोसी ने पड़ोसी की सरे राह चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी मृतक को तब तक चाकू मारता रहा जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई अंत में वह उसका गला रेतकर भाग गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है और मृतक युवक का नाम विनोद राठौर है। एसीपी सोनू डाबर के अनुसार पुलिस ने आरोपी प्रमोद साईं यादव को हिरासत में ले लिया है। वह विनोद का पड़ोसी है। हत्या करने के बाद वह भागकर अपने घर चला गया था। जहां लोगों ने उसे पकड़ पुलिस को सूचना दी। गणेश नगर निवासी मृतक विनोद राठौर स्टेशन के पास गुरुकृपा होटल पर वेटर का काम करता था पिछले दिनों पड़ोस में रहने वाले प्रमोद साईं यादव से उसका विवाद हुआ था। घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि विनोद राठौर सड़क पर जा रहा था तभी पीछे से आए प्रमोद ने उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। विनोद तड़पने लगा। इसके बाद प्रमोद ने चाकू से उसका गला रेता और भाग गया। मृतक विनोद के चचेरे भाई निर्भय के अनुसार विनोद के पिता शिव नारायण की विगत दिनों मौत हो गई थी। मां प्रभा रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर काम करती हैं। विनोद इकलौता बेटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। फिलहाल पुलिस ने हत्या के आरोपी प्रमोद को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *