Spread the love

गुनाl जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत मां भगवती पेट्रोल पंप पर हुई लाखों रुपये की चोरी का गुना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में पेट्रोल पंप के मैनेजर दीपक लोथा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 1.91 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। 18 दिसंबर 2024 को मां भगवती पेट्रोल पंप, गादेर के मैनेजर दीपक लोथा ने पुलिस को सूचना दी थी कि 17-18 दिसंबर की मध्य रात्रि दो अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 1.98 लाख रुपये चोरी कर लिए। इस सूचना पर धरनावदा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
गुना पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिंहा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया। एसडीओपी राघौगढ़, दीपा डोडवे के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया गया। टीम में धरनावदा थाना प्रभारी प्रभात कटारे और साइबर सेल सहित 7 सदस्य शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र का उपयोग कर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास किया। शक की सुई फरियादी और पेट्रोल पंप मैनेजर दीपक लोथा पर गई। पुलिस ने जब दीपक से गहन पूछताछ की, तो उसने अपने दो साथियों, देवेन्द्र लोथा और प्रीतम लोथा, के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाने और उसे अंजाम देने की बात कबूल की।
आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने दीपक लोथा और उसके साथी देवेन्द्र लोथा (18 वर्ष) और प्रीतम लोथा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 1.91 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल, एक कुल्हाड़ी और एक सरिया बरामद किए गए।
पुलिस ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि चोरी की गई लगभग पूरी रकम बरामद कर ली। इस मामले का खुलासा करने में एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे, सउनि राजेश कुमार भिलाला, सउनि सीताराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक देवेन्द्रपाल सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक दीपक कुशवाह, प्रधान आरक्षक विकाश भर्गव, प्रधान आरक्षक दिलीप सेन, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक अनुज गुर्जर, आरक्षक शाबिर शेख, आरक्षक नीरज शर्मा, आरक्षक सुंदर रमन, आरक्षक रघुकुल तिलक मिश्रा, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़, आरक्षक राजकुमार रघुवंशी (थाना चांचौड़ा) एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप भदौरिया व आरक्षक कुलदीप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *