
राजस्व, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई
बालाघाट। राजस्व, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त दल ने 5 जनवरी को मुगल बिरयानी सेंटर, तंदूरी नाइट दुकान को सील बंद कर दिया। दरअसल, पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मुगल बिरयानी सेंटर को सुधार का नोटिस दिया था। लेकिन संचालक ने इसमें कोई भी सुधार नहीं किया। वहीं तंदूरी नाइट दुकान में अवैध रुप से शराब का सेवन कराया जा रहा था। जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारियों ने रविवार को दोनों ही होटलों को सीलबंद कर दिया है।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नगर में दो दिनों से लगातार कार्यवाही की जा रही है। एक दिन पूर्व की गई कार्यवाही में मुगल बिरयानी सेंटर को सुधार करने का नोटिस दिया गया था। रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार, पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। इस दौरान सुधार के लिए दिए गए नोटिस और समय के बावजूद संचालक द्वारा पर्याप्त सुधार नही करना पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री योगेश डोंगरे ने बताया कि पुन: वैसी ही स्थिति में पाया गया। हालांकि कुछ सुधारात्मक कार्य किए परंतु पर्याप्त नहीं पाए गए। इस कारण मुगल बिरयानी सेंटर को सीलबंद किया गया। साथ ही रविवार को ही अल जम जम होटल की जांच की गई। इस दौरान साफ स्वच्छता के मामले में नोटिस देकर अदरक व लहसन पेस्ट के साथ ग्रेवी के दो नमुने जांच के लिए एकत्र किए गए है।
तंदूरी नाइट ढाबे में पिलाई जा रही थी शराब
तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार ने बताया कि रविवार को नगर के गुरुद्वारे के सामने तंदूरी नाइट ढाबा में जांच की गई। जांच के दौरान यहां कुछ लोगों द्वारा ढाबे में बैठकर शराब का सेवन करते हुए पाया गया। जबकि संचालक के पास न तो शराब का और न ही खाद्य सामग्री विक्रय करने का लायसेंस पाया गया। ढाबे में गंदगी भी देखी गई। वहीं दो घरेलू सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग करना पाया गया। सिलेंडर को भी जब्त करने की कार्रवाई की गई। वहीं ढाबा को सील बंद भी कर दिया गया।
