Spread the love

खरगोन। अपने बेटे को घर से बाहर जाने से रोकना एक पिता के लिए जानलेवा साबित हुआ है। पिता का टोकना बेटे को इस कदर नागवार गुजरा की तैश में आकर बेटे ने पिता के पेट में चाकू घोंपकर घायल कर दिया, वहीं बीच बचाव करने आए भाई पर भी वार कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने खरगोन के कुंदा नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। यह रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना मेनगांव थानाक्षेत्र के ग्राम अवरकच्छ में सोमवार देररात घटित हुई। हमले में घायल अधेड़ को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
जैतापुर पुलिस चौकी से मिली जानकारी अनुसार ग्राम अवरकच्छ निवासी भारत रंधावे (55) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। घायल रंधावे के छोटे बेटे सुनील रंधावे ने पुलिस को बताया कि बड़ा भाई अनिल कई दिनों से बिना किसी को बताए घर से बाहर ही रह रहा है। सोमवार शाम को जब वह घर से बिना बताए जाने लगा तो पिताजी ने रोकने की कोशिश की, पिता के टोकने से नाराज होकर अनिल ने पिताजी को चाकू मार दिया। दोनों को बचाने में मुझे भी हाथ में चोंट लगी है। पिता को लहुलुहान हालत में अस्पताल लाए, जहां आईसीयू में प्राथमिक उपचार किया गया।
चिकित्सक डॉक्टर पंकज महाजन ने बताया घायल रंधावे के पेट के दाहिनी ओर पसलियों में अंदर तक गहरी चोंट है। गंभीर स्थिति देख रात 2 बजे मरीज को इंदौर रैफर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *