
श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज के महाकुंभ में जुटे पांच हजार से अधिक समाजजन, प्रचोदयात् पत्रिका का हुआ विमोचन्र
खरगोन । श्रीगौड़ ब्राह्मण समाज का महाकुंभ रविवार को शहर के गौरीधाम स्थित देवयानी विश्रांति गृह में आयोजित हुआ। जिसमें जिले सहित प्रदेश और देशभर के पांच हजार से अधिक समाज जन एकत्रित हुए। आयोजन में समाज की पत्रिका प्रचोदयात का विमोचन भी किया गया। युवाओं ने जीवन साथी ढूंढने के लिए मंच से परिचय भी दिया। समाज के प्रांताध्यक्ष और पूर्व विधायक रवि जोशी ने कहा कि ये समाज का 51वां आयोजन है। पिछले कई वर्षों से हम 50 सामाजिक आयोजन कर चुके है। इस दौरान समाज ने बहुत प्रगति की है। उज्जैन में हमारे समाज की धर्मशाला मंगलनाथ मंदिर के सामने पांच बीघा जमीन पर बनने जा रही है। खरगोन में भी नए स्थान पर जमीन का चयन कर लिया गया है। मै आपसे वादा करता हूं कि आगामी बड़ा आयोजन समाज की नई धर्मशाला में होगा। आज युवा दिवस भी है इसलिए आज का ये आयोजन समाज के युवाओं के भविष्य को गढऩे के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में सर्वसम्मति से इंदौर के जेपी नाइक को समाज का प्रदेश अध्यक्ष और मितेश रावल को युवा इकाई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। समाज के जिला अध्यक्ष मधुसूदन दुबे और नगर अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने बताया कि आयोजन की शुरुआत भगवान परशुराम, महालक्ष्मी माता और पंडित मदन मोहन मालवीय के पूजन के साथ हुईं। पत्रिका प्रचोदयात के सम्पादक शैलेन्द्र जोशी, धर्मेंद्र सराफ और अशोक जोशी ने बताया कि 200 से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों की जानकारी पत्रिका में प्रकाशित की गई है। इसके अलावा 100 के करीब युवाओं और उनके अभिभावकों ने मंच से अपना परिचय दिया। समाज के कोषाध्यक्ष ललित शुक्ला ने बताया कि आयोजन में स्वच्छ थाली और नो प्लास्टिक अभियान प्रमुखता से चलाया गया।
