Spread the love

शहर को मिली कई सौगात…
जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मीरगंज से भेड़ाघाट तक 20 करोड़ रूपये की लागत से सड़क निर्माण की घोषणा की है। सिंह ने कहा कि भेड़ाघाट में पर्यटन सुविधाओं के विकास की दृष्टि से बनने वाली सड़क को स्‍थाई वित्‍तीय समिति द्वारा स्‍वीकृति प्रदान कर दी गई है। लोक निर्माण मंत्री आज भेड़ाघाट रेस्‍ट हाउस के परिसर में आयोजित समारोह में 5 करोड रूपये से अधिक के विभिन्‍न विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इन विकास कार्यो में 1.75 करोड़ रूपये से भेड़ाघाट रेस्‍ट हाउस के विस्‍तारीकरण, 86 लाख की लागत से साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी के आश्रम तक सड़क निर्माण तथा 2.50 करोड़ की लागत से सिहोदा, नीमखेड़ा, आमा हिनौता मार्ग निर्माण का भूमिपूजन शामिल हैं। समारोह में साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी, क्षेत्रीय विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, नगर परिषद भेड़ाघाट के अध्‍यक्ष चतुर सिंह, भेड़ाघाट नगर परिषद के पूर्व अध्‍यक्ष अनिल तिवारी एवं क्षेत्र के अन्‍य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
लोक निर्माण मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी के आश्रम को भेड़ाघाट मुख्‍य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क को ब्रम्‍हर्षि बावरा का नाम दिया जायेगा। उन्‍होंने कहा कि भेड़ाघाट रेस्‍टहाउस के विस्‍तारीकरण में दो अतिरिक्‍त कक्ष, सभाकक्ष तथा एक स्‍वीट रूम बनाया जायेगा। मंत्री सिंह ने कहा कि भेड़ाघाट के विकास के लिए सभी ने अथक प्रयास किया है। मां नर्मदा का पवित्र तट जितना विकसित हो सकता है सभी ने अपने स्‍तर से प्रयास किये और आगे भी विकास के कार्य होते रहेंगे। अधोसंरचनात्‍मक विकास में भेड़ाघाट का सदैव प्राथमिकता दी जायेगी।
भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नीरज सिंह ने सांसद रहते राकेश सिंह द्वारा जबलपुर को महानगर का स्‍वरूप देने के लिए किये जा रहे कार्यों का जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि जबलपुर को मिली फ्लाई ओव्‍हर, रेल्‍वे स्‍टेशन का नवीनीकरण, एयरपोर्ट का विस्‍तारीकरण, रिंग रोड जैसी बड़ी परियोजनाएं राकेश सिंह के प्रयासों का ही नतीजा है। अब प्रदेश का लोक निर्माण मंत्री बनने के बाद सिंह इसी विरासत को बढ़ाने में भी अथक प्रयास कर रहें है। उन्‍होंने कहा कि बरगी विधानसभा में मंत्री सिंह ने 65 करोड़ रूपये की 15 सड़कों की स्‍वीकृति दी है जो विकास की एक नई गाथा गढ़ेगी। इस अवसर पर साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी ने भी समारोह को संबोधित किया।
5 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन…
लोक निर्माण मंत्री सिंह ने भेड़ाघाट में आयोजित समारोह के बाद न्‍यू भेड़ाघाट में ग्राम के ग्‍वारी में भी 5 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, अभय सिंह ठाकुर, सोनू बचवानी, कौशल सूरी सहित अन्‍य स्‍थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। विकास कार्यो के क्रम में मंत्री सिंह ने बरगी में सालीवाड़ा से नर्मदा तट, बायपास से बमबम ढाबा तक मार्ग के निर्माण का भूमिपूजन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *