
नपा अध्यक्ष और पार्षदों ने की शराब दुकान को हटाने की मांग
जिले के प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
बालाघाट। नगर के वार्ड क्रमांक 24 सुरभि नगर में संचालित शराब दुकान में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। खुलेआम अहाता का संचालन कर शराब पिलाई जा रही है। जिसके कारण वार्डवासी और स्कूली बच्चे परेशान हो रहे हैं। इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर और वार्ड पार्षदों ने बालाघाट प्रवास पर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह से मुलाकात की। ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान को अन्यत्र संचालित किए जाने की मांग भी की है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 24 में जिस स्थान पर शराब दुकान का संचालन हो रहा है, वहां पर एक निजी शैक्षणिक संस्थान भी संचालित हो रहा है। दुकान संचालक निमयों को ताक पर रखकर अहाता का संचालन कर रहा है। दुकान के अहाते में लोग खुलेआम शराब का सेवन कर रहे हैं। नशे में शराब अश्लील गाली-गलौज करते हैं। जिसके कारण वार्डवासी और स्कूली विद्यार्थी काफी परेशान है। पूर्व में इस शराब दुकान को हटाने की मांग भी की गई। लेकिन जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
गुरुवार को बालाघाट प्रवास पर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह से नपा अध्यक्ष व पार्षदों ने मुलाकात की। समस्याओं से अवगत कराया। वहीं शराब दुकान को अन्यत्र संचालित किए जाने की मांग की। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष भारती ठाकुर, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सभापति संगीता थापा, समीर जायसवाल, वकील वाधवा, उज्जवल आमाडारे सहित अन्य मौजूद रहे।
7 बजे से लग जाता है शराबियों का जमावड़ा
शराब दुकान में सुबह 7 बजे से ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। नशे में शराबी अश्लील गाली-गलौज करते हैं। अक्सर विवाद की स्थिति निर्मित होती है। वार्डवासियों द्वारा समझाइश देने पर वे उनसे ही उलझने लगते हैं। इतना ही नहीं पानी के पाऊच, डिस्पोजल गिलास सहित अन्य सामग्री भी वार्डवासियों के घरों में फेंक देते हैं। यह समस्या जब से शराब दुकान खुली है तब से उत्पन्न हुई है।
