
खरगोन । खरगोन के बिस्टान रोड पर संचालित हो रहे प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का उन्नयन होने के बाद कई नए कोर्स शुरु किए गए है, इसमें उर्दू विषय भी शामिल था। वर्तमान में नए कोर्स के लिए कॉलेज प्रबंधन द्वारा एमए, समाज शास्त्र, इतिहास, संस्कृत तथा एसएससी बायोटेक्नालॉजी जैसे विषय संचालित करने के लिए समिति का गठन किया गया है, लेकिन उर्दू विषय संचालन के लिए कोई पहल नही होने पर छात्रों ने आपत्ति दर्ज कराई है।गुरुवार को छात्र नेता सुल्तान भुट्टो सहित अन्य छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर नए सत्र में एमए उर्दू विषय संचालित करने की मांग की है।भुट्टो एवं प्रशांत सांवले ने बताया कि नये सत्र में विभिन्न नवीन विषयों के संचालन में एमए उर्दू विषय समिति के आदेश पत्र में रिक्त है, जबकि इस विषय में कई छात्र रुचि रखते हुए प्रवेश लेना चाहते है। ऐसे में इस कोर्स के न होने से छात्र अगली पढ़ाई से वंचित रह सकते है। ज्ञापन का वाचन समरीन खान ने किया। इस दौरान माहीन अली सय्यद, खेरून निशा, सानिया, संजीदा खान, जाहिर अली, जावेद खान आदि छात्र.छात्राएं उपस्थित रहे।इधर उर्दू के साथ हिंदी भी अनिवार्य करने की मांग शहर के 4 उर्दू माध्यमिक स्कूलों में सभी विषय उर्दू में पढ़ाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। शहर के इरफान शेख ने कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपते हुए मांग की है कि उर्दू स्कूलों में उर्दू के साथ ही हिंदी भाषी विषय भी पढ़ाए जाए अन्यथा आगामी पढ़ाई बाधित होगी। शेख ने बताया कि पूर्व में इन उर्दू स्कूलों में एक विषय उर्दू बाकी अन्य विषय हिंदी भाषा में पढ़ाए जा रहे थे, वर्तमान में जनजातीय कार्य विभाग ने एक तरफा आदेश जारी करते हुए सभी विषय उर्र्दू में पढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है, जो विद्यार्थियों के लिए भविष्य में समस्या खड़ी कर सकता है। इसलिए केवल एक विषय उर्दू और शेष अन्य विषय हिंदी में पढाए जाए।
