Spread the love

एसयूवी, मारूती रिट्ज में रखे थे साढ़े 10 लाख का गांजा
जबलपुर। नारकोटिक कन्ट्रोल यूनिट सेल कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन की सूचना पर कुण्डम थाना पुलिस ने 52 किलो 337 ग्राम गांजे सहित तस्करी के आरोप में 4 आरोपियों को धरदबोचा। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख 50 हजार रुपए के गांजे के साथ इसके परिवहन के लिए प्रयोग की जा रही एक एसयूवी एवं एक मारुती रिट्ज कार जब्त की हैं। आईजी जबलपुर जोन अनिल सिंह कुशवाह द्वारा जोन के पुलिस अधीक्षकों को मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त आरोपियों को चिन्हित करते हुये उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु आदेशित किया गया है। आदेश के परिपालन में डीआईजी जबलपुर रेंज अतुल सिंह एवं एसपी सम्पत उपाध्याय द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियो को मादक पदार्थो की तस्करी/नशीले इंजेक्शन के कारोबार मे लिप्त आरेापियों की पतासाजी कर उनके विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। नारकोटिक कन्ट्रोल यूनिट सेल, कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन, जबलपुर की सूचना पर एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा तथा डीएसपी ग्रामीण श्रीमति आकांक्षा उपाध्याय के मार्ग दर्शन में थाना कुण्डम की टीम द्वारा ये कार्रवाई की गई।
इस तरह मिली जानकारी…………..
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस नारकोटिक कन्ट्रोल यूनिट सेल से सूचना मिली कि एसयूवी क्रमांक यूपी 16 ए एफ 7910 में 2 व्यक्ति हैं जिसमे से एक का कद लम्बा ब्लू शर्ट एवं एक जैकेट पहने है तथा मारूती रिट्ज गाड़ी क्रमांक सीजी 04 एससी 5049 में एक युवक जर्सी एवं एक टीशर्ट पहना हैं। दोनों गाडिय़ां आगे पीछे एक साथ चल रही हैं चारों लोग चार पहिया एसयूवी तथा मारूती रिट्ज में मादक पदार्थ गांजा लेकर शहपुरा तरफ से कुंडम होते हुये जबलपुर जा रहे हैं। सूचना पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुये टीआई कुण्डम अनूप कुमार नामदेव के नेतृत्व में थाने के पास मेन रोड में नाकाबंदी कर वाहनों कों रोक कर चैक करते समय मुखबिर के बताये अनुसार वाहनों को अभिनंदन ढ़ाबे के पास रोकने प्रयास किया गया। दोनों कार चालक पुलिस केा देखकर तेज भागने का प्रयास करने लगे। घेराबंदी कर दोनों कारों को एक साथ रोका गया। जिसमें एसयूवी में 1 व्यक्ति, 1 युवक तथा रिट्ज कार में 2 युवक बैठे थे। एसयूवी में आरोपी वायरलैस कॉलोनी, थाना तारबहार जिला बिलासपुर, छग निवासी 22 वर्षीय विवेक उर्फ विक्की सोनवानी एवं तालापारा घोड़ादाना स्कूल के पास सिविल लाईन जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ निवासी 32 वर्षीय हबीब खान को एंव रिट्ज कार में आरोपी टिकरापारा पीडी कालेज के पास थाना कोतवाली जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ निवासी 24 वर्षीय बजरंग कश्यप उर्फ आदित्य एवं अशोकनगर सरकंडा डीएलएस स्कूल के आगे थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ निवासी 25 वर्षीय शेख मुस्तफा को पुलिस ने धरदबोचा। आरोपियों के कब्जे से एसयूवी कार के चारों दरवाजों तथा कार के नीचे बाक्स में 37 पैकेट में मादक पदार्थ गांजा तथा रिटज कार के चारों दरवाजों एवं कार के नीचे 15 पैकेट में मादक पदार्थ गांजा रखा मिला। जिसकी तौल करने पर कुल 52 किलो 337 ग्राम मादक पदार्थ गांजा निकला जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपय बताई गई। दोनों वाहनों सहित गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों से गांजे के विषय में पूछताछ की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *