इस्लामाबाद। पाकिस्तान में एक के बाद एक भारतीय दुश्मनों का नाश होता जा रहा है। यहां एक अज्ञात बाइक सवार आता है और आतंकी को उड़ाकर चला जाता है। ऐसे अब तक करीब आधा दर्जन आतंकी ढेर हो चुके हैं। हाल ही में खैबर पख्तूनवा के स्वाबी जिले में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बंदूकधारी ने एक आतंकी का काम तमाम किया है। उस आतंकी का नाम है- मौलाना काशिफ अली। वह कुख्यात आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था। बाइक सवार बंदूकधारियों ने सरगना मौलाना काशिफ अली की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।
इससे पहले पिछले 1 महीने के दौरान आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी रहस्यमयी परिस्थितियों में किसी न किसी घटना में मारे गए हैं। इनमें से दो आतंकवादी कथित सड़क दुर्घटना में मारे गए थे। 1 महीने के दौरान काशिफ अली चौथा शिकार था। काशिफ अली के मारे जाने के बाद आतंकवादी संगठन के बड़े सरगनाओ में एक बार फिर हड़कंप और दहशत फैल गई है। उनका सारा गुस्सा इस बार पाकिस्तान सरकार, उसकी खुफिया एजेंसी और फौज के बड़े अफसरों पर है। यही कारण है कि इस बार उन्होंने खुलकर सोशल मीडिया पर काशिफ अली को लेकर कमेंट किये है।
आतंकवादी काशिफ अली युवाओं का ब्रेनवाश करता था। उन्हें आतंकवादी संगठन में भर्ती करता था। काशिफ अली कई मस्जिदों और मदरसों का इंचार्ज भी था। वह आतंकवाद का पाठ पढ़ाकर अपने मकसद के लिए पाकिस्तानी युवाओं को बरगला कर आतंकवादी संगठन में भर्ती करता था। इसके अलावा वह आतंकवाद के ट्रेनिंग की सेंटरों में जिहादी लेक्चर देने का काम भी करता था। काशिफ अली आतंकवादी संगठन लश्कर के मुखोटे राजनीतिक संगठन पीएमएमएल से भी जुड़ा हुआ था।
पाकिस्तान सरकार से खफा आतंकी संगठन
आतंकवादी काशिफ अली की हत्या के बाद आतंकवादी संगठन से जुड़े अनेक संगठनों ने पाकिस्तान सरकार की जमकर आलोचना की। इसके साथ उन्होंने काशिफ अली की हत्यारों को तत्काल पकड़ने की मांग भी की। यही नहीं इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बाबत पाकिस्तान सरकार से अपील की कि वह काशिफ अली की हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़े। ऐसी ही एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है कि काशिफ अली का कसूर केवल इतना था कि वह पाकिस्तान से प्यार करता था।
