
अशोकनगर। जिले के नईसराय थाना क्षेत्र अन्तर्गत बीते मंगलवार को शादी समारोह से लौट रहे 45 वर्षीय शख्स पर शराब के नशे में धुत चार लोगों ने लोहे की रॉड से हमला किया, घटना में उसकी मौत हो गई। बुधवार को तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक आरोपी की तलाश की जा रही है। नईसराय निवासी अभिषेक रजक ने बताया कि मंगलवार को वह अपने चाचा रमेश रजक (45) और चचेरे भाई मुनेश के साथ मोहल्ले में एक शादी में गए थे। रात करीब 11:30 बजे अभिषेक और रमेश बाइक से लौट रहे थे। इस दौरान बस स्टैंड पर नईसराय के मुकेश, बिट्टू उर्फ चंचल, कमल उर्फ सोनू और कल्ला कुशवाहा शराब के नशे में उपद्रव मचा रहे थे। इस दौरान चाचा रमेश ने अभिषेक को बेटे मनीष को लाने भेजा। जब अभिषेक लौटा तो रमेश खून से लथपथ पड़े थे। आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि, घटना के बाद घायल रमेश को स्थानीय सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर कमरों में सो रहे थे, उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। शादौरा अस्पताल में भी इलाज नहीं मिला। जिला अस्पताल पहुंचने तक करीब डेढ़ घंटे का समय बीत गया, वहां डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया।
