Spread the love

दमोह ।  जिला प्रशासन के निर्देशन में अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही चल रही है। अतिक्रमण की कार्यवाही के तीसरे दिवस न्यू दमोह प्रधानमंत्री आवास के समीप के आधा दर्जन से अधिक अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों को हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि तीन दिनों की कार्यवाही में लगभग पांच करोड रूपये की भूमि अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी है। इसी क्रम में वीरान क्षेत्र में बने एक रेंप को भी जेसीबी की मदद से हटा दिया गया हैं।  इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने बताया कि यहां बने रेंप को हटा दिया गया है। अधिनियम और नियम में इस बात का स्पष्ट उल्लेख है कि कितने नाप में क्या क्या स्थिति होना चाहिये। उन्होंने कहा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध किया जायेगा और आरोपियों को तलाश कर कार्यवाही की जायेगी।  एस डी एम दमोह आर.एल. बागरी ने बताया कि यह नियमित चलने वाली कार्यवाही हैं, शासकीय जमीन से अवैध निर्माणों को हटाया जा रहा है, जो लगातार जारी रहेगा। 

           तहसीलदार मोहित जैन ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले कोई भी हों उनको छोडा नहीं जायेगा। नगर पालिका की करोड़ों रूपयों की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। अतिक्रमण कारियो के विरुद्ध यह अभियान लगातार चलता रहेगा। वन विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रम चौधरी ने बताया कि वन विभाग एवं राजस्व भूमि के बीच अतिक्रमण को हटा दिया गया है। इस कार्यवाही के दौरान सिटी कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज, देहात थाना प्रभारी मनीष कुमार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप शर्मा सहित प्रशासन, पुलिस, वन एवं नगर पालिका के साथ विघुत मंडल की टीम उपस्धित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *