Spread the love

आईजी, एसपी ने सिहोरा से मझौली तक किया निरीक्षण, आरोपी पकड़ से बाहर
जबलपुर। जिला मुख्यालय से 42 किलोमीटर दूर सिहोरा के खितौला थाना क्षेत्र में गत सोमवार 11 अगस्त की सुबह इसाफ फाइनेंस बैंक में पड़ी डकैती के 24 घंटों के बाद फिलहाल पुलिस के हाथ खाली है| मंगलवार को जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने घटना स्थल का दौरा किया| यहां बता दें कि बैंक में घुसे 6 लुटेरे करीब 14 करोड़ रुपए कीमत का 14 किलो 873 ग्राम सोना और 5 लाख 9 हजार रुपए लूटकर भाग गए थे| घटना के दूसरे दिन जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने एसपी संपत उपाध्याय और एसडीओपी सिहोरा प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य सिंघारिया के साथ बैंक का निरीक्षण किया। आईजी सिहोरा से लेकर मंझोली तक गए। इस दौरान जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगे थे, उन्हें देखा। पुलिस ने अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। बताया गया है कि लुटेरों की आखिरी लोकेशन सिहोरा से करीब 20 किलोमीटर दूर मझोली तक मिली है। इसके आगे तीन रास्ते जाते हैं। एक रोड बचैया, दूसरी गुबरा होते हुए दमोह और तीसरी रोड कटंगी तरफ जाती है। ऐसे में अब पुलिस की टीम तीनों रोड पर भी लुटेरों की तलाश कर रही है।
बैंक अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि सामान्यत: बैंक की नकद लिमिट 10 से 12 लाख रुपए होती है। राखी के त्योहार को देखते हुए दो दिन पहले एटीएम में 5 से 7 लाख रुपए डाले गए थे और बाकी 5 लाख बैंक में रखे गए थे।
कट्टे की नोंक पर बैंक कर्मियों से ही बैग में जेवर भरवाए……
लुटेरों ने न केवल अपने हाथों से सोने के जेवर बैग में भरे बल्कि बैंक कर्मियों को भी धमकाते हुए उनसे बैग में जेवर भरवाए| कर्मचारी भयभीत थे और काफी धीरे जेवर भर रहे थे, उसके बाद लुटेरों ने उन्हें हटाया और खुद बैग में तेजी से सोना भरा और भागते हुए उनकी नजर कैश काउंटर पर पड़ी और जाते जाते 5 लाख नगदी भी लेकर चले गए|
बैंक में नहीं है सुरक्षा गार्ड………
अब तक की पुलिस जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि बैंक में करोड़ों रुपए का सोना रखा था, लेकिन एक प्रतिशत भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। न तो बैंक में सुरक्षा गार्ड था न ही चैनल गेट था। बैंक मुख्य सड़क पर स्थित है, इसलिए लुटेरे आम लोगों की तरह बड़ी आसानी से बैंक में दाखिल हो गए और घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
100 से ज्यादा फुटेज खंगाले……….
घटना के बाद पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है| क्राईम ब्रांच के साथ साथ शहर से लगे व 15 ग्रामीण थानों की टीमें डकैती की सुराग ढूंढ़ने में लगी है| दरअसल लुटेरे हेलमेट पहने थे, लिहाजा सीसीटीव्ही फुटेज में उनके चेहरे साफ नहीं दिखाई दे रहे है और पहचान करना मुश्किल हो रहा है| पुलिस सिहोरा से लेकर मझौली तक लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा चुके हैं, लेकिन लुटेरे अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस अब सिहोरा और जबलपुर की उन दुकानों में भी पूछताछ कर रही है जहां हेलमेट बेचे जाते है| पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि किसी ने एक साथ हेलमेट खरीदे है तो दुकानों में लगे सीसीटीव्ही से उनके फुटेज से सुराग ढूंढ़ा जा सके।
बीमा था लूटे गये सोने का………….
पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि बैंक के लॉकर में रखा सोना ग्राहकों का था| जिसके बदले उन्हें लोन दिया गया था और कुछ सुरक्षा की दृष्टि से लॉकर में रखे हुए थे| साढ़े 14 करोड़ के सोने का बीमा कराया गया था| पुलिस इस लूट में बैंक कर्मियों की भूमिका पर जांच कर रही है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *