
दिव्यांग युवक की जनसुनवाई में की शिकायत
गुना। सरकारी दफ्तरों में आए दिन अजीबोगरीब आदेश निकलते हैं, लेकिन गुना जिले के आरोन नगर परिषद का एक नोटिस तो सोशल मीडिया पर वायरल मटेरियल बन गया है। नोटिस में साफ लिखा है तीन दिन में शादी करके आओ, तभी प्रधानमंत्री आवास (कुटीर) योजना का घर मिलेगा, वरना नाम निरस्त। दरअसल वार्ड 15 आरोन निवासी दिव्यांग पवन अहिरवार का नाम दो महीने पहले प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 में स्वीकृत हुआ था। खुशी-खुशी वो कुटीर पाने की तैयारी कर ही रहे थे कि 30 जुलाई को नगर परिषद से नोटिस आ गया। इसमें लिखा था कि आवेदन में पति/पत्नी का नाम दर्ज नहीं है, जांच में आप अविवाहित पाए गए हैं और योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार सिंगल पात्र नहीं हैं। अगर आपके पास शादी का सबूत है तो तीन दिन में जमा करें, अन्यथा आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
मंगलवार को पवन जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को नोटिस दिखाकर बोले—साहब! घर चाहिए या दुल्हन? तीन दिन में शादी करना क्या कोई सरकारी योजना है? यह सुनते ही वहां मौजूद लोग हंसी नहीं रोक पाए। पवन ने कहा, अगर शादी के बिना घर नहीं मिलेगा तो सरकार को सीधे ‘घर संग दुल्हन योजना’ शुरू कर देनी चाहिए। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया। फिलहाल, पवन को उम्मीद है कि उन्हें बिना शादी के भी उनका कुटीर मिल जाएगा।-
