Spread the love

22 घंटे तक चला तलाशी अभियान, मृतकों में दो आपस में मौसेरे भाई
रक्षा बंधन पर्व पर रिश्तेदारी में आए थे तीनों युवक
बालाघाट। जिले के रामपायली थाना क्षेत्र के ग्राम बेनी में वैनगंगा नदी नहाने गए तीन युवक डूब गए। घटना मंगलवार शाम करीब 4.30 से 5 बजे के बीच राममंदिर घाट पर हुई। एसडीईआरएफ की टीम ने लगभग 22 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। घटना के दूसरे दिन बुधवार को लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों के शव बरामद कर परिजनों को सौंपे गए। घटना के करीब 16-17 घंटे बाद मिला था पहला शव। तीनों ही युवक रक्षा बंधन पर्व पर अपने रिश्तेदारी में आए थे। रामपायली थाना पुलिस ने तीनों युवकों के शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार अखिल पिता चमन बुरडे 18 वर्ष ग्राम बेनी, मोहित बुर्डे 21 वर्ष हट्टा और राकेश नंदनवार 35 वर्ष निवासी भंडारा महाराष्ट्र रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर भुजरिया पर्व मनाने के लिए गांव आए थे। बताया गया है अखिल और मोहित दोनों मौसेरे भाई थे। ये तीनों ही युवक मंगलवार की शाम को चमनलाल के साथ वैनगंगा नदी के राममंदिर घाट नहाने के लिए पहुंचे थे। इन युवकों को नदी के गहराई का अंदाजा नहीं था। इसी दौरान एक के बाद एक करके तीनों युवक नदी के गहरे पानी में डूब गए। घटना के समय चमनलाल ने युवकों को बचाने की कोशिश की, लेकिन अकेला होने के चलते वह असफल रहा। उन्होंने घटना की सूचना ग्रामीणों सहित अन्य को दी। सूचना मिलते ही मंगलवार को ही विधायक विवेक पटेल, पुलिस सहित अन्य प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंची। एसडीईआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची।
मंगलवार की रात करीब 10 बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने स्थानीय मछुआरों केसाथ मंगलवार की रात्रि करीब 10 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। लेकिन नदी में पानी का बहाव तेज होने के चलते तीनों युवकों का पता नहीं चल पाया। वहीं अंधेरा अधिक होने के कारण एसडीईआरएफ की टीम को तलाशी अभियान को रोकना पड़ा। हालांकि, इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।
घटना के 16-17 घंटे बाद मिला पहला शव
घटना के दूसरे दिन बुधवार की सुबह करीब 6 बजे से एसडीईआरएफ की टीम ने पुन: खोजबीन शुरू की। इस दौरान घटना स्थल से करीब 3 किमी दूर डांगोरली घाट में लगभग 16 घंटे बाद मोहित का शव सबसे पहले मिला। इसके बाद टीम ने तलाशी अभियान को आगे बढ़ाया। पहला शव मिलने के करीब 4 घंटे बाद घटना स्थल से करीब 5 किमी दूर डांगोरली के आगे दूसरे युवक अखिल का शव मिला। इसके 2 घंटे और घटना के करीब 22 घंटे बाद तीसरे युवक राकेश का शव मिला। एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों ही युवकों के शव को रामपायली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। तीनों युवकों का शव मिलने के बाद से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *