Spread the love

किरण के चरित्र पर शक करता था इसलिए डेढ़ साल पहले उसका काम छुड़वा दिया था


अशोकनगर। शहर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां एक पति ने चरित्र शंका में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पति घर में ताला लगाकर थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना देहात थाना क्षेत्र के शंकर कॉलोनी की है। आरोपी दशरथ रजक अपनी पत्नी किरण रजक पर चरित्र संदेह करता था। शुक्रवार सुबह साढ़े 8 से 9 बजे के बीच दोनों पति पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपित पति ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी की गर्दन पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। किरण रजक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के वक्त दंपती घर में अकेले थे। दोनों बच्चे स्कूल गए थे। वारदात के बाद आरोपित पति थाने पहुंचा और पुलिस को घटना के बारे में बताया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं हत्या में इस्तेमाल किए गए कुल्हाड़ी को जब्त किया है। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पति मानसिक रूप से बीमार है। फिलहाल देहात थाना पुलिस मर्ग कायम कर इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वही मृतक महिला के भाई ने पुलिस को बताया कि बहन किरण (36) की शादी साल 2003 में दशरथ रजक से हुई थी। परिवार अशोक नगर की शंकर कॉलोनी में रहता है। किरण आसपास के लोगों के यहां मेड का काम करती थी। दशरथ, किरण के चरित्र पर शक करता था इसलिए डेढ़ साल पहले उसका काम छुड़वा दिया। दशरथ खुद भी कोई काम नहीं करता था। ऐसे में घर में खाने के लाले पड़े रहते थे। दशरथ, किरण को मायके से पैसे लाने के लिए परेशान करता था। कई बार मारपीट भी की। हमने कई बार उन लोगों की मदद भी की थी। उसने किरण को क्यों मार डाला, पता नहीं।
कमरे के दरवाजे पर पड़ी थी पत्नी की लाश:
शंकर कॉलोनी के जिस घर में पत्नी की हत्या हुई है, वहां महिला का शव दरवाजे के पास पड़ा हुआ था। जिसकी गर्दन पर किसी धारदार हथियार से हमला होना दिखाया जा रहा था। वहीं पास में एक कुल्हाड़ी भी रखी थी। जिस पर खून लगा हुआ था। इसके अलावा कमरे में बर्तन भी बिखरे पड़े थे। जिससे लग रहा है कि हमले से पहले हल्का पति-पत्नी में विवाद भी हुआ था।
पुलिस पहुंची तब तेज आवाज में चल रही थी टीवी
पड़ोसियों ने बताया कि, इस घटना के दौरान हमें किसी भी तरह की आवाज नहीं आई। क्योंकि उनके घर में तेज आवाज में टीवी चल रही थी। हो सकता है इसी कारण से चिल्लाने की कोई आवाज नहीं आई हो। पड़ोसियों ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तब हम लोगों को मामले की जानकारी लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *