
सड़क पर एंबुलेंस खड़ी कर ग्रामीणों ने किया चकाजाम, चौकी प्रभारी को हटाया
जबलपुर। जिले की पाटन तहसील के ग्राम टिमरी में रविवार की सुबह 9.30 बजे लगभग जमीन पर कब्जा करने और जुआ खिलाने से मना करने की बात पर दो पक्षों में उपजे विवाद के बाद नरसंहार से आक्रोश भड़क उठा| ब्राम्हण सामाज के विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की होती तो इस हृदयविदारक घटना को टाला जा सकता था| यहां बता दें कि टिमरी गांव में दिन दहाड़े चार लोगों की चाकू, तलवार फरसा से हमला कर हत्या कर दी गई थी जबकि दो लोग अभी भी गंभीर है| गांव में अभी भी मातम पसरा हुआ है। सामूहिक हत्याकांड में मृतक सतीश उर्फ गुंजन पाठक उम्र 40 साल, मनीष उर्फ चंदन पाठक 34 साल, अनिकेत दुबे 25 साल और समीर दुबे 20 साल का अंतिम संस्कार मंगलवार को टिमरी मुक्तिधाम में पुलिस पहरे के बीच किया गया। इसके पूर्व पीड़ित परिवारों ने सड़क पर लाश रखी एंबुलेंस खड़ी कर चकाजाम किया और पाटन थाना प्रभारी को तत्काल हटाए जाने की मांग के साथ आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलाने की मांग की|
चकाजाम की सूचना मिलने पर सांसद आशीष दुबे, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, इंदु तिवारी, कांग्रेस नेता दिनेश यादव, ब्राह्मण एकता मंच के पंडित राम दुबे, कपिल दुबे मौके पर पहुंचे पीड़ित परिवार के लोगों को समझाइश देते हुए अंतिम संस्कार कराने की पहल की|
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने तत्काल नुनसर चौकी प्रभारी गणेश तोमर को हटाने के आदेश दिए और साथ ही कहा कि सभी आरोपी पकड़ लिए गए है| आरोपियों के अवैध घर मकान तोड़े की मांग पर वैधानिक प्रक्रिया के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया| उसके बाद चकाजाम समाप्त हुआ और गमगीन माहौल में पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार किया गया|
गांव में छाया रहा दहशत का माहौल ………..
सोमवार को हुई 4 लोगों की हत्या के बाद टिमरी गांव में दहशत का माहौल बना रहा| एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा| महिलाओं ने अपने छोटे-छोटे बच्चों को घर से नहीं निकलने दिया। गांव में 8वीं तक स्कूल है, गांव के अधिकांश बच्चे डर के कारण मंगलवार को पढाई के लिए स्कूल नहीं गए। अघोषित तौर पर स्कूल बंद रहे|
पुलिस बल तैनात……………
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस को हर स्थिति पर निगाह रखने के निर्देश दिए गए है| पुलिस सतत पेट्रोलिंग कर रही हैं| मुखबिर तंत्र और एलआईबी को अलर्ट मोड पर रखा गया हैं| उन्होंने बताया कि नुनसर चौकी प्रभारी गणेश तोमर को हटा दिया गया है|
